
भिलाई।
जामुल थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ससुर बसंत विश्वकर्मा पर उनके ही दामाद ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पीड़ित बसंत ने पुलिस को बताया कि रविवार देर रात करीब 1 बजे जब वह चादर ओढ़कर घर में सो रहा था, तब किसी ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आग की तपन से जैसे ही वह जागा, देखा कि उसका दामाद आग लगाकर भाग रहा है। आग से उसका चेहरा, गला, हाथ और पीठ बुरी तरह झुलस गया। घायल अवस्था में उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बसंत ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी यमुना ने प्रभु नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। दोनों नारधा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे। कुछ दिन पहले यमुना बिना बताए कहीं चली गई, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई गई थी।
आरोप है कि दामाद प्रभु को शक था कि बसंत ने ही अपनी बेटी को कहीं भगा दिया है, इसी रंजिश में उसने हमला किया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।