गांजा बिक्री करते दो आरोपी गिरफ्तार, दुर्ग पुलिस को ऑपरेशन विश्वास के तहत मिली सफलता


दुर्ग । थाना पद्मनाभपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ की बिक्री में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया। यह कार्यवाही दुर्ग पुलिस के ऑपरेशन विश्वास अभियान के अंतर्गत की गई।


20 जुलाई 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रविशंकर स्टेडियम दुर्ग, मानस भवन के पीछे कुछ लोग अवैध रूप से गांजा बेच रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने टीम के साथ मौके पर दबिश दी और आरोपियों को गांजा बेचते रंगे हाथ पकड़ा।

पहले आरोपी अंतगुरू नागेष (उम्र 28 वर्ष, मूल निवासी – नयापारा, उड़ीसा, वर्तमान निवासी – चपरासी कॉलोनी, दुर्ग) के कब्जे से 1.300 किलोग्राम गांजा (कीमत ₹6000), एक विवो मोबाइल (₹20,000) कुल ₹26,000 की सामग्री जब्त की गई।

दूसरे आरोपी चंदन सोनी (उम्र 32 वर्ष, निवासी – रविशंकर स्टेडियम के पास, मानस भवन के पीछे, दुर्ग) के पास से गांजा बिक्री की नगद रकम ₹300 और एक रेडमी मोबाइल (₹20,000), कुल ₹20,300 की सामग्री बरामद हुई।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 250/2025, धारा 20(ख), 27(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

दुर्ग पुलिस का अभियान ‘ऑपरेशन विश्वास’ मादक पदार्थों के विरुद्ध सतत जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *