
दुर्ग। खुर्सीपार थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टाटा योध्दा वाहन चोरी के मामले में महज कुछ घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन बरामद कर लिया। चोरी गई वाहन की कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है।
दिनांक 14 जुलाई 2025 को प्रार्थी मनमोहन महतो ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसने 12 जुलाई की शाम टाटा मोटर्स के पीछे जीई रोड खुर्सीपार स्थित प्रज्ञा लॉज के पास वाहन टाटा योध्दा (JH-01-FE-3630) को लॉक कर खड़ा किया था, लेकिन 14 जुलाई की सुबह वाहन मौके से गायब मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मुखबिर की सूचना पर डबरापारा में दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपना नाम जलहा उरांव (23 वर्ष) और अमित तीडू (20 वर्ष) बताया, जो झारखंड के मूल निवासी हैं और हाल-फिलहाल खुर्सीपार क्षेत्र में रह रहे थे। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया और वाहन को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित शिव मंदिर के पीछे नहर किनारे छिपा दिया था।
पुलिस ने उनके मेमोरेण्डम कथन के आधार पर वाहन को बरामद कर लिया। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 146/2025 धारा 303(2), (5) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस सफल कार्रवाई में थाना खुर्सीपार के प्र.आर. रोहित यादव, सउनि मोतीलाल महिलवार, प्र.आरक्षक जितेंद्र शुक्ला और आरक्षक जितेंद्र धीवर की प्रमुख भूमिका रही।