
भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में साइकिल सवार से शराब के पैसे मांगने के बाद मारपीट और लूट की घटना को अंजाम देने वाले अक्षय कुमार भारतीय उर्फ अक्षय पासी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथी दुर्गेश यादव के साथ मिलकर 2500 रुपये लूटे और विरोध करने पर पीड़ित की जांघ पर कटर से हमला कर घायल कर दिया।
घटना 5 जुलाई 2025 की है। पीड़ित राजकुमार जैन निवासी न्यू खुर्सीपार, सिंधी मोहल्ला, एकता नगर जा रहा था। डबरापारा चौक के पास सर्विस रोड में आरोपियों ने रास्ता रोककर शराब के लिए पैसे मांगे। इंकार करने पर गाली-गलौज करते हुए पैसे छीने और मोबाइल की मांग की। विरोध करने पर अक्षय ने कटर से हमला कर दिया और दोनों मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने राहगीर से फोन लेकर परिजन को सूचना दी और अस्पताल में भर्ती हुआ। मामले की शिकायत पर थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 263/2025 के तहत धारा 296, 118(1), 119(1), 126(2), 309(6), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी अक्षय को डबरापारा से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने जुर्म स्वीकार किया। उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि साथी आरोपी दुर्गेश यादव की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में अंबर सिंह भारद्वाज, योगेश्वर वर्मा, ईश्वर भारद्वाज, संजय मनहरे, बंटी सिंह और राजकुमार सिंह की अहम भूमिका रही।