
दुर्ग । एक शातिर बदमाश ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर अपने साथियों के साथ मिलकर व्यक्ति को मोबाइल चोरी के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 24,000 रुपए की वसूली की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़ित दुर्गा प्रसाद नायक (उम्र 38 वर्ष), निवासी नेहरू नगर ईस्ट सुपेला, ने शिकायत दर्ज कराई कि 27/06/2025 को वेदान्त चौरसिया नामक व्यक्ति ने फोन कर खुद को क्राइम ब्रांच भिलाई से बताया और कहा कि किशोर कुमार उर्फ रॉकी एमबीबीएस मोबाइल चोरी के केस में पकड़ा गया है, जिसमें आपके मोबाइल का भी नाम सामने आया है। इसके बाद उसे इमली तालाब के पास बुलाया गया।
जब पीड़ित वहां पहुंचा तो एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आया और खुद को क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर थप्पड़ मारकर डराया-धमकाया। इसके बाद आरोपी वेदान्त, अमन और रॉकी ने केस खत्म करने के नाम पर 24,000 रुपये की मांग की और वसूली कर ली।
शिकायत के आधार पर सुपेला थाना के स्मृतिनगर चौकी में अपराध क्रमांक 773/2025 धारा 319(2), 308(2), 204, 61(2), 111(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान जब पीड़ित को स्मृतिनगर चौकी में लगे गुंडा-बदमाशों के फ्लेक्स दिखाए गए, तो उसने आरोपी भूपेन्द्र सोनी की पहचान की। पुलिस टीम ने तुरंत उसके बजरंग पारा स्थित निवास पर दबिश दी और हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने स्वीकार किया कि अपने साथियों वेदान्त, अमन और किशोर कुमार उर्फ रॉकी के साथ मिलकर वसूली की योजना बनाई थी।
आरोपी वेदान्त ने पीड़ित को अपने वाहन में बिठाकर च्वाइस सेंटर से 24,000 रुपये निकलवाए और लिमहा तालाब के पास रकम आपस में बांट ली। पुलिस ने आरोपियों से 3 मोबाइल, 3,000 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 90,000 रुपये) जप्त की है।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- भूपेन्द्र सोनी, उम्र 41 वर्ष, निवासी बजरंग पारा, कोहका
- वेदान्त चौरसिया, उम्र 25 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड, कोहका
- शोहेब खान उर्फ अमन, उम्र 28 वर्ष, निवासी आर्य नगर, कोहका
भूपेन्द्र सोनी के विरुद्ध पूर्व में स्मृतिनगर चौकी में 5 और जामुल थाना में 1 प्रकरण दर्ज है।
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
उप निरीक्षक गुरुविंदर सिंह संधु, आरक्षक सविंदर सिंह, हर्षित शुक्ला, अनिकेत चंद्राकर, कौशलेन्द्र सिंह, कमल नारायण