प्रेम-प्रसंग बना दोहरी हत्या की वजह: महिला और 8 साल के बेटे की गला दबाकर हत्या, शव कुंए में फेंकने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग । अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में 22 जून को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दो अलग-अलग कुओं से एक महिला और एक बच्चे का शव बरामद हुआ। महिला के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शव साड़ी व प्लास्टिक की बोरी में लिपटा हुआ था, जबकि बच्चे के शव के साथ भी इसी तरह की साजिश रची गई थी। पुलिस ने अज्ञात हत्याकांड का खुलासा महज 12 घंटे में कर दिया और दो चचेरे भाइयों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने अपने प्रेम-संबंध के रास्ते में रोड़ा बन रही महिला और उसके मासूम बेटे की निर्मम हत्या की थी।

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्यार, हत्या पर खत्म

हत्या की शिकार महिला की पहचान रायपुर निवासी सुनीता चतुर्वेदी उर्फ पल्लवी के रूप में हुई है, जो अपने 8 वर्षीय बेटे के साथ रह रही थी। इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान छत्रपाल सिंगौर नामक युवक से हुई थी, जिससे वह मिलने भी लगी थी। सुनीता ने आरोपी को बताया था कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है और वह माता-पिता व बेटे के साथ रहती है। छत्रपाल ने सुनीता से शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और बार-बार शादी की बात को टालता रहा।

इसी बीच छत्रपाल ने डेढ़ माह पहले किसी और महिला से शादी कर ली। जब सुनीता ने बच्चे सहित उसके साथ रहने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने अपनी सच्चाई छुपाने और पीछा छुड़ाने के लिए खौफनाक साजिश रच डाली।

प्रेमिका और बेटे को रास्ते से हटाया

छत्रपाल ने अपने चचेरे भाई शुभम कुमार सिंगौर को अपने प्रेम-प्रसंग की जानकारी पहले ही दे रखी थी। 18 जून को दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। छत्रपाल ने सुनीता और उसके बेटे को इलेक्ट्रिक स्कूटी पर बिठाकर ग्राम खम्हरिया बुलाया, जहां पहले से शुभम मौजूद था। दोनों भाइयों ने खेत में ले जाकर गला दबाकर मां-बेटे की हत्या कर दी और शवों को दो अलग-अलग कुओं में फेंक दिया। महिला के शव को पत्थर बांधकर पानी में डुबोया गया ताकि शव तैरकर ऊपर न आए।

गुमशुदगी से शुरू हुई जांच, हत्या में तब्दील

पुलिस को जानकारी तब मिली जब गांव के लोगों ने कुएं से बदबू आने की सूचना दी। दोनों शव मिलने के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत छिपाने के अपराध में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मृतिका को छत्रपाल सिंगौर के साथ देखा गया था। पूछताछ में छत्रपाल ने पहले टालमटोल की, लेकिन बाद में अपना अपराध कबूल कर लिया। रायपुर के सिविल लाइन थाना में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट से महिला और उसके बेटे की पहचान हुई।

आरोपी गिरफ्तार

  • छत्रपाल सिंगौर, उम्र 26 वर्ष
  • शुभम कुमार सिंगौर, उम्र 22 वर्ष

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल वाहन और अन्य सबूत पुलिस ने जब्त कर लिए हैं।

विशेष भूमिका

इस जघन्य वारदात के खुलासे में अमलेश्वर और पाटन पुलिस के साथ-साथ एसीसीयू की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। यह कार्यवाही तेज़ कार्रवाई और तकनीकी साक्ष्यों के समन्वय का परिणाम रही, जिससे अंधे कत्ल के आरोपी कानून के शिकंजे में आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *