गौकशी के शक में भिलाई के भाजपा नेता के साथ मारपीट, मवेशी लदे ट्रक को रोककर की गई धक्का-मुक्की



भिलाई । भिलाई के भारतीय जनता पार्टी के नेता और दो बार पार्षद पद के लिए टिकट पा चुके एक युवक के साथ धरसींवा क्षेत्र में मारपीट की गई। वह गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात बिहार से मवेशियों को लेकर गोकुल नगर आ रहा था। इसी दौरान धरसींवा थाना क्षेत्र में कुछ युवकों ने ट्रक को रोक लिया और उसमें सवार सभी लोगों से नाम और पहचान पूछी।

भाजपा नेता ने खुद को पार्षद पद का दावेदार और पार्टी कार्यकर्ता बताया, लेकिन इसके बावजूद युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। ट्रक में सवार अन्य लोगों को भी पीटा गया। युवकों को शक था कि मवेशियों को गौकशी के लिए लाया जा रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद यह घटना भिलाई के लोगों को पता चली। वीडियो में देखा गया कि मवेशियों को लेकर जा रहे ट्रक को घेरकर युवक सवाल पूछते दिख रहे हैं—जैसे कि मवेशियों को कहां ले जाया जा रहा है, ट्रक में इतनी संख्या में क्यों रखे गए हैं, क्या पानी और चारे की व्यवस्था की गई है, आदि। वे बार-बार दस्तावेज मांगते रहे, लेकिन दस्तावेज मौके पर नहीं दिखाए जा सके।

घटना के दौरान पुलिस की गाड़ी भी मौके पर मौजूद दिखी। अंत में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। वहीं भाजपा नेता का कहना है कि वह मवेशियों को अपनी डेयरी के लिए ला रहा था, ना कि किसी अवैध उद्देश्य से।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *