कुंडली में दोष बताकर जान का भय दिखाया, 36.66 लाख की धोखाधड़ी कर आरोपी गिरफ्तार


. फर्जी योगाचार्य बनकर पूजा-पाठ के नाम पर लाखों की ठगी
. सोशल मीडिया से सीखी विद्या, खुद को बताया सिद्ध गुरु
. फ्लैट अपने नाम करवाने के लिए ब्लैकमेल, तंत्र विद्या से जान से मारने की धमकी

दुर्ग। प्रार्थिया पल्लवी जायसवाल, निवासी फ्लैट नंबर 120, द्वितीय तल, सीएचपीएल शिखर अपार्टमेंट, जुनवानी, भिलाई द्वारा वर्ष 2022 में कालीबाड़ी मंदिर, नेहरू नगर के पुजारी परिचय मिश्रा को अपनी जन्मकुंडली दिखाकर स्वास्थ्य एवं रोजगार संबंधी चर्चा की गई थी। उस दौरान पुजारी ने कुंडली में दोष बताकर ग्रह शांत करने हेतु पूजा करवाने की बात कही और कथित गुरु कुलदीप महाराज से मिलवाया।

जनवरी 2023 में कुलदीप के संपर्क में आने पर उसने प्रार्थिया की कुंडली में गंभीर दोष व जान का खतरा होने का डर दिखाया। घर में भी बाधा होने का बहाना बनाकर पूजा-पाठ के लिए रकम की मांग की गई। दिनांक 18.01.2023 से 08.04.2025 तक प्रार्थिया से अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से कुल 36,66,000 रुपए वसूले गए।

बाद में आरोपी कुलदीप ने पीड़िता के जुनवानी स्थित फ्लैट को अपने नाम पर पंजीकृत नहीं कराने पर तंत्र विद्या से जान से मारने की धमकी दी और ब्लैकमेलिंग करने लगा। प्रार्थिया की शिकायत पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 673/2025 धारा 318(4), 308(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपी का नाम:
कुलदीप उर्फ कालू, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम रीटोली, थाना शिवजी, जिला रोहतक, हरियाणा

जप्त संपत्ति:

  • एक ग्रैंड i10 स्पोर्ट्स कार (सिल्वर)
  • एक वीवो मोबाइल
  • एक टेकनो केमन मोबाइल
  • एक्यूप्रेशर मशीन
  • बैनर, पोस्टर
  • प्रचार सामग्री, दवाइयाँ, जड़ी-बूटी, पूजन सामग्री

इस कार्रवाई में योगदान देने वाले अधिकारीगण:
थाना प्रभारी निरीक्षक विजय यादव, उप निरीक्षक मनीष वाजपेयी, सहायक उप निरीक्षक पूरन साहू, संतोष मिश्रा, आरक्षक दुर्गेश राजपूत, सूर्य प्रताप सिंह, प्रदीप सिंह


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *