
गाजीपुर । गाजीपुर पहुंची मेघालय पुलिस ने सोनम रघुवंशी को कस्टडी में लेने के लिए पहुंची है। मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मेडिकल जांच के लिए गाजीपुर के जिला अस्पताल ले जाया गया है। मेडिकल जांच के बाद उसे मेघालय पुलिस शिलांग लेकर जाएगी और राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में कड़ाई से पूछताछ करेगी।
प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या
जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि सोनम रघुवंशी के पिता की प्लाइवुड फैक्ट्री है, जहां आरोपी राज कुशवाहा नौकरी करता था। इसी दौरान उसका सोनम से संपर्क हुआ और दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ीं। सोनम ने अपने पति राजा रघुवंशी को हनीमून के बहाने शिलांग ले जाकर घातक जाल में फंसा दिया। सोनम के पीछे–पीछे राज कुशवाहा और उसके दोस्त भी शिलांग पहुंच गए। वहीं, सुनियोजित तरीके से राजा की हत्या कर दी गई।
क्या है पूरा मामला
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की 11 मई को इंदौर में शादी हुई थी। विवाह के बाद दोनों गुवाहाटी में कामाख्या देवी के दर्शन करने पहुंचे। यहां दर्शन के बाद हनीमून मनाने के लिए मेघालय के शिलांग पहुंचे। 22 मई को दोनों ने एक होमस्टे में चेक-इन किया, लेकिन 23 मई को चेकआउट के बाद दोनों लापता हो गए। 2 जून को वेई सॉवडॉन्ग झरने के पास एक गहरी खाई से राजा का शव बरामद हुआ, जिससे उनकी हत्या की पुष्टि हुई। मेघालय पुलिस ने सोनम को ट्रांजिट रिमांड पर लिया है और आगे की जांच जारी है।
