
भिलाई । भिलाई के वैशाली नगर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा और साइबर फ्रॉड के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। रविवार रात को पुलिस ने 15 लड़कों को गिरफ्तार किया है, जो अपने बैंक खातों को बेचने के आरोप में पकड़े गए हैं।
एक साथ 15 घरों से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने एक साथ 15 अलग-अलग घरों से इन लड़कों को गिरफ्तार किया, जिससे पूरे वैशाली नगर और शांति नगर में हड़कंप मच गया। सभी के घरवाले देर रात वैशाली नगर थाने पहुंचे और अपने बच्चों को छुड़ाने के लिए थाना प्रभारी से गुहार लगाई।
पुलिस ने सबूतों के आधार पर की गिरफ्तारी
थाना प्रभारी ने साफ कहा कि उनके खिलाफ पूरे सबूत के बाद ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। इस पर घरवालों ने भाजपा नेता और पूर्व पार्षद ललित मोहन को बुला लिया।
लड़कों का दावा, नहीं पता था खातों का उपयोग
गिरफ्तार किए गए लड़कों ने बताया कि उन्होंने गदा चौक निवासी कुणाल सोनी और शास्त्री नगर निवासी कुणाल पटनायक को अपना खाता दिया था। दोनों उन्हें केनरा बैंक लेकर गए थे और खाता खुलवाकर अपने पास रखा। उन्हें नहीं पता था कि इन खातों का उपयोग ऑनलाइन सट्टा या गलत काम में किया जाएगा।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन खातों का उपयोग कहां-कहां किया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।