
भिलाई के लॉज में हुई दर्दनाक घटना, परिजन बलिया से शादी के लिए आए थे
-०-
भिलाई । भिलाई से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद घटना सामने आई है। एक युवती ने अपनी शादी से कुछ ही घंटे पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। यह घटना भिलाई के एक लॉज की है, जहां युवती के परिजन उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से विवाह हेतु पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, युवती की शादी आज शाम को होनी थी और विवाह की तैयारियां जोरों पर थीं। परिजन दो दिन पहले ही भिलाई आकर एक लॉज में ठहरे हुए थे। सुबह जब परिजन दुल्हन को तैयार करने के लिए उसके कमरे में पहुंचे, तो वह गायब थी। काफी खोजबीन के बाद जब लॉज के बाथरूम का दरवाजा खटखटाया गया और कोई जवाब नहीं मिला, तब दरवाजा तोड़ा गया। बाथरूम में युवती का शव फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बाथरूम और कमरे की तलाशी के दौरान युवती का मोबाइल फोन व अन्य निजी वस्तुएं जब्त की हैं।
अब तक की जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल्स और परिजनों से पूछताछ के आधार पर आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों ने बताया कि युवती पूरी तरह सामान्य और खुश नजर आ रही थी। किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी की जानकारी नहीं थी।
इस घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। शादी के लिए सजाया गया लॉज अब शोक का केंद्र बन गया है। आसपास के लोग भी इस दुखद समाचार से स्तब्ध हैं। एक रिश्तेदार ने कहा, “वो बहुत ही समझदार और प्यारी लड़की थी। कभी सोचा नहीं था कि ऐसा कुछ हो सकता है।”
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।