
दुर्ग ।
“ऑपरेशन सुरक्षा” अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में संडे मार्केट में सड़क पर लगाए गए ठेले और दुकानों को हटाकर किनारे व्यवस्थित किया गया।

कार्रवाई से एक दिन पहले ही पेट्रोलिंग कर सभी व्यवसायियों को सूचित किया गया था कि वे सड़क पर दुकान या ठेला न लगाएं। व्यवसाय करने वाले ठेले वालों को समझाइश दी गई कि वे अपने ठेले को सफेद पट्टी (एज मार्किंग) के बाहर दुकान की दिशा में लगाएं।

आज सुबह से ही लगातार पेट्रोलिंग करते हुए जो ठेले सड़क पर पाए गए, उन्हें हटाया गया और सड़क पर खड़े दोपहिया व चारपहिया वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 122/177 के तहत नो पार्किंग की कार्रवाई की गई, साथ ही ई-चालान भी जारी किए गए।
बीती रात रुआबंधा मार्केट में भी ठेले और दुकानों को सड़क से हटाकर मार्ग को स्पष्ट किया गया और दोबारा सड़क पर दुकान न लगाने की सख्त समझाइश दी गई।
इसी तरह दुर्ग के इंदिरा मार्केट में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के पश्चात सड़क किनारे वाहन चालकों के लिए सफेद पट्टी (एज मार्किंग) करवाई गई। अब यदि कोई वाहन उस पट्टी के भीतर सड़क पर खड़ा पाया जाएगा, तो नो पार्किंग की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन सुरक्षा” अभियान के चार प्रमुख उद्देश्य हैं:
- सड़कों और चौराहों की अभियंत्रण संबंधी त्रुटियों को दूर करना।
- अतिक्रमण और अवैध कब्जे हटाना।
- वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना।
- सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकना और लापरवाह चालकों पर सख्त कार्रवाई करना।
यह अभियान जिले में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आमजन को राहत मिल रही है और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना में भी कमी आ रही है।