भिलाई इस्पात संयंत्र से 65 लाख की चोरी का मामला: 10 साल बाद फरार आरोपी गिरफ्तार

भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के प्लेट मिल एरिया स्पेयर यार्ड से 65 लाख रुपए कीमती पांच नग नट चोरी के मामले में 10 साल से फरार चल रहे आरोपी रवि सोनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

23 जून 2015 को प्लेट मिल विभाग के एक अधिकारी द्वारा थाना भिलाई भट्ठी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी कि संयंत्र के प्लेट मिल एरिया स्पेयर यार्ड से अज्ञात चोर द्वारा 65 लाख रुपए कीमती पांच नग नट चोरी कर लिए गए हैं। इस रिपोर्ट पर थाना भिलाई भट्ठी में अपराध क्रमांक 120/2015 धारा 379, 447, 467, 468, 471, 120बी, 34 भादंवि एवं छत्तीसगढ़ सुरक्षा अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया गया था।

जांच के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में उपयोग किया गया ट्रक क्रमांक CG 07 AV 2670 जप्त किया गया। आरोपियों ने फर्जी बिल्टी और चालान तैयार कर अवैध रूप से संयंत्र परिसर में प्रवेश किया और स्पेयर यार्ड से पांच नग नट चोरी कर लिए। इस मामले में पूर्व में चार आरोपियों—उस्मान बेग, शशिकांत मिश्रा, अंकित तिवारी और जितेंद्र चौहान—को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

फरार आरोपी रवि सोनी की लगातार पतासाजी की जा रही थी। हाल ही में सूचना मिली कि वह जामुल क्षेत्र में रह रहा है, जिस पर पुलिस टीम तत्काल रवाना होकर उसे गिरफ़्तार करने में सफल रही। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया है।

इस संपूर्ण कार्रवाई में आरक्षक बालेंद्र द्विवेदी और युगल देवांगन की विशेष भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी:

  • रवि सोनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *