
रायगढ़ । रायगढ़ पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन में महिला थाना रायगढ़ की टीम ने दुष्कर्म के आरोपी चंदू यादव को उत्तर प्रदेश के भदोही से रायगढ़ लाया है। आरोपी के खिलाफ स्थानीय युवती ने शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक शोषण करने की शिकायत 9 अप्रैल 2025 को दर्ज कराई थी।
पीड़िता की शिकायत
पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2023 में उसकी मुलाकात आरोपी चंदू यादव से हुई थी, जब वह रायगढ़ में किराए के मकान में रह रहा था। मई 2023 से आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे सम्बलपुर (ओडिशा) ले गया। अगस्त 2024 में आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसे वहां से भगा दिया।
आरोपी की धमकी
फरवरी 2025 में आरोपी ने अपने गांव में शादी करने की बात कही, लेकिन जब पीड़िता ने रिपोर्ट करने की बात कही तो आरोपी ने उसे आपत्तिजनक फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 04/2025 धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर ने समूची घटना से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। एसपी के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपी की तलाश में उत्तर प्रदेश भेजा गया, जहां से उसे अभिरक्षा में रायगढ़ लाया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
गिरफ्तारी अभियान में शामिल रहे
- उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर
- सहायक उप निरीक्षक विल्फ्रेड मसीह
- प्रधान आरक्षक राजेश उरांव
- संदीप भगत
- आरक्षक सुरेंद्र भगत