छत्तीसगढ़ को चार नए स्मार्ट औद्योगिक पार्कों की सौगात, उद्योग विकास को मिलेगा नया आयाम

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (CSIDC) के नवनियुक्त अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने तेलीबांधा स्थित उद्योग भवन में कार्यभार ग्रहण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में राज्य में औद्योगिक माहौल को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य को अब तक 4.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। खनिज, बिजली और जल संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता के चलते उद्योगों को विकास का बेहतर अवसर मिलेगा।

उन्होंने राजनांदगांव जिले के ग्राम पटेवा में 322 एकड़ में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (350 करोड़), ग्राम बिजेतला में 50 एकड़ में स्पेश मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (25 करोड़), नवा रायपुर में 20 एकड़ में रेडिमेड गारमेंट पार्क (30 करोड़), और 30 एकड़ में फर्नीचर क्लस्टर (40 करोड़) की स्थापना की घोषणा की। कुल 445 करोड़ रुपये की लागत से चार स्मार्ट औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने भी राजीव अग्रवाल को शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीति छत्तीसगढ़ को एक विकसित औद्योगिक राज्य बनाएगी।

राजीव अग्रवाल ने भरोसा दिलाया कि वे अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे और राज्य को औद्योगिक रूप से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, केबिनेट मंत्री केदार कश्यप, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विजय बघेल, विधायक धरम लाल कौशिक समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *