
▪️ सूने रास्ते पर महिला से लूट करने वाला गिरफ्तार
▪️ एसीसीयू और थाना नेवई की संयुक्त कार्रवाई
▪️ आरोपी से लूटे गए सोने के आभूषण, एक्टिवा और चाकू बरामद
दुर्ग। दिनांक 18 मार्च 2025 को मरोदा सेक्टर भिलाई निवासी श्रीमती सुमन साहू ने थाना नेवई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि जब वह आत्मानंद गार्डन से बच्चों के साथ घर लौट रही थीं, तब एक अज्ञात व्यक्ति ने एक्टिवा से रास्ता रोककर चाकू दिखाया और उनकी सोने की चेन, अंगूठी और कान के टॉप्स लूटकर भाग गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र शुक्ला के निर्देश पर एसीसीयू और थाना नेवई की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध की पहचान की।
जांच के दौरान सूचना मिली कि प्रगति नगर रिसाली निवासी अर्पित साहू (26 वर्ष) के पास सीसीटीवी में दिख रही एक्टिवा से मिलती-जुलती गाड़ी है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि ऑनलाइन सट्टे की लत के कारण पैसे की जरूरत थी, इसलिए उसने चाकू लेकर महिला से लूटपाट की और आभूषणों को गिरवी रखकर ₹85,334 हासिल किए।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए सोने के आभूषण, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा और चाकू बरामद कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में एसीसीयू व थाना नेवई की टीम की अहम भूमिका रही।
