
दुर्ग, 21 मार्च 2025 – पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज, राम गोपाल गर्ग द्वारा रक्षित आरक्षी केंद्र, दुर्ग का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान निरीक्षण परेड आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट वेशभूषा धारण करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक भवन में विभिन्न शाखाओं जैसे गणवेश शाखा, सुरक्षा उपकरण शाखा, पुलिस साख सहकारी समिति बैंक, वाहन शाखा, महिला कल्याण केंद्र, यात्रा भत्ता शाखा, कैश शाखा, रोजनामचा शाखा आदि का अवलोकन किया गया। प्रत्येक शाखा के प्रभारी अधिकारियों और कर्मचारियों से उनके कार्यों की जानकारी लेकर समीक्षा की गई।

पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद किया और कहा कि दुर्ग जिला पुलिस का राज्य में महत्वपूर्ण स्थान है। राजधानी रायपुर के बाद दुर्ग जिला दूसरे स्थान पर आता है और यहां की पुलिस सतर्कता और अनुशासन के साथ कार्य कर रही है। लोकसभा चुनाव, नगर निगम चुनाव और पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए गए हैं।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि सामान्य पुलिसिंग के तहत गश्त और पेट्रोलिंग के दौरान निर्धारित वेशभूषा धारण करें। उन्होंने कहा कि वर्दी पहनने से आत्मसम्मान बढ़ता है और जनता के बीच पुलिस की छवि सशक्त बनती है। व्यस्तता के बावजूद पुलिसकर्मियों को अच्छी वेशभूषा अपनाने और आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया गया।
अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत करने की बात भी कही गई। थानों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से अच्छा व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि वे थाने पहुंचने पर सबसे पहले ड्यूटी ऑफिसर, मुंशी या मददगार से जानकारी लें और उनकी अनुपस्थिति में हुई घटनाओं की समीक्षा करें।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं को भी सुना गया और उनके त्वरित समाधान के लिए निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, दुर्ग जितेंद्र शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग चिराग जैन, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्प्रकाश तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी हरीश पाटिल, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पाटन अनुप लकड़ा, उप पुलिस अधीक्षक (लाईन) चंद्रप्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक (पुलिस कार्यालय) हेमप्रकाश नायक, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा रक्षित केंद्र, दुर्ग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।