
गोरखपुर जिले के शाहपुर थानाक्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने बच्चे की चाहत में घर काम आने वाली नौकरानी को पति से संबंध बनाने का लालच दिया। इसके बदले जमीन देने की बात कही। जब नौकरानी संबंध बनाने के लिए राजी नहीं हुई तो महिला ने पति से उसका रेप करवाया और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया।
पीड़िता कुशीनगर की रहने वाली है और उसने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी बृजपाल सिंह ने उसे कॉल किया था और कहा था कि घर में खाना बनाने वाली की जरूरत है। दस हजार रुपये सैलरी तय हुई थी। बात फाइनल होने के बाद वह शाहपुर स्थित बृजपाल के किराए के मकान पर रहकर काम करने लगी।
कुछ दिन बाद आरोपी की पत्नी ने कहा कि मेरे बच्चे नहीं हो रहे हैं। ऐसे में अगर मेरे पति से संबंध बना लोगी तो मैं जमीन दूंगी। पीड़िता ने उसके प्रस्ताव को इनकार कर दिया, लेकिन आरोपी महिला ने उसे जान से मारने की धमकी दी और पति से रेप करवाया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी महिला ने वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा।
सिटी SP अभिनव त्यागी ने बताया कि मामला जून, 2024 का है। बसंत बिहार कॉलोनी के बृजपाल सिंह और उसकी पत्नी सोनिया सिंह के खिलाफ शाहपुर थाने में केस दर्ज है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए 10-10 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। बहुत जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी हो जाएगी।