
पुणे । महाराष्ट्र के पुणे में स्वारगेट बस स्टैंड पर खड़ी एक सरकारी बस में 26 वर्षीय महिला से बलात्कार करने वाले आरोपी दत्तात्रेय रामदास गाडे को पुलिस ने घटनास्थल से 70 घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुणे पुलिस ने उसके गांव शिरूर के गन्ने के खेतों में बने फार्म से देर रात 1:30 बजे गिरफ्तार किया। पुलिस की 13 टीमें तीन दिनों से उसकी तलाश में जुटी थीं और उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

गांव वालों की मदद से गिरफ्तारी
पुणे क्राइम ब्रांच के DCP निखिल पिंगले ने बताया कि गांव के लोगों ने आरोपी को पहचान लिया और पुलिस को सूचना दी। साथ ही गिरफ्तारी में भी मदद की। इसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर पुणे भेज दिया।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 25 फरवरी की सुबह की है। पीड़ित महिला मेडिकल फील्ड में काम करती है और उस दिन वह फलटण, सतारा की बस का इंतजार कर रही थी। तभी आरोपी गाडे उसके पास आया और ‘दीदी’ कहकर बात की। उसने महिला को बहला-फुसलाकर बस स्टैंड के एक प्लेटफॉर्म पर खड़ी खाली ‘शिवशाही’ एसी बस में ले गया।
बस में लाइटें बंद थीं और चारों ओर अंधेरा था। महिला को शक हुआ, लेकिन आरोपी ने बार-बार यही कहा कि यह सतारा की बस है। जैसे ही वह बस में चढ़ी, गाडे ने उससे जबरदस्ती की और फिर भाग गया। जाने से पहले उसने महिला को धमकाया कि वह इस बारे में किसी को न बताए।
महिला ने दोस्त को बताई आपबीती, फिर पहुंची पुलिस स्टेशन
वारदात के बाद पीड़िता डर की वजह से पुलिस के पास नहीं गई। वह दूसरी बस लेकर घर की ओर निकल पड़ी। सफर के दौरान उसने अपने एक दोस्त को फोन कर घटना की जानकारी दी। दोस्त की सलाह पर वह बीच रास्ते में बस से उतरी और पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 13 टीमें जुटीं
आरोपी दत्तात्रेय गाडे वारदात के बाद से ही फरार था। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की 8 टीमों सहित कुल 13 विशेष टीमें गठित कीं। आरोपी के परिवारवालों और जान-पहचान वालों से पूछताछ की गई। पुणे के DCP स्मार्टाना पाटिल ने बताया कि रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर भी पुलिस की टीमें तैनात की गई थीं। आरोपी ने वारदात के दौरान चेहरे पर मास्क पहन रखा था, जिससे पहचान करने में देरी हुई।

आरोपी पर पहले से थे कई आपराधिक मामले दर्ज
दत्तात्रेय गाडे कोई पहली बार अपराध में शामिल नहीं था। उस पर चोरी, डकैती और चेन-स्नेचिंग के आधा दर्जन मामले पहले से दर्ज थे। वह 2019 में एक मामले में जमानत पर बाहर आया था।
वारदात के दौरान बस अड्डे पर थे कई लोग
घटना के समय स्वारगेट बस डिपो पर कई बसें और यात्री मौजूद थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर देखा कि पीड़िता आरोपी के साथ बस की ओर जाती दिख रही थी।
आरोपी को आज कोर्ट में किया जाएगा पेश
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुणे लाया गया है। आज उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।