तमिलनाडु: अवैध शराब बिक्री का विरोध करने पर कारोबारियों ने 2 छात्रों की बेरहमी से हत्या की

तमिलनाडु । तमिलनाडु के मयिलादुथुराई जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अवैध शराब बिक्री का विरोध करने पर कारोबारियों ने 2 छात्रों की बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, मुत्तम गांव में अवैध शराब बेचने वाले कारोबारियों ने दो छात्रों को निर्ममता से हत्या कर दी। मृतक छात्रों की पहचान पॉलिटेक्निक छात्र के हरीश और इंजीनियरिंग छात्र शक्ति के रूप में हुई है।

घटना 14 फरवरी शुक्रवार रात का है, जब तीन शराब तस्कर राजकुमार, थंगादुरई और मूवेंधन अवैध रूप से शराब बेच रहे थे। ये सभी इलाके के कुख्यात बदमाश थे।

रात करीब 8.30 बजे दिनेश और उसके दोस्त के हरीश, बी शक्ति, और के अजय एक जगह खड़े होकर बात कर रहे थे। उसी समय मूवेंधन, थंगादुरई और राजकुमार कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। सभी शराब के नशे में थे। तीनों ने दिनेश के साथ विवाद किया और उस पर चाकुओं से अचानक हमला कर दिया।

दिनेश के दोस्त हरीश, शक्ति और अजय ने दिनेश को बचाने का प्रयास किया। लेकिन आरोपियों ने हरीश के पेट, शक्ति की पीठ और अजय के हाथ में चाकू घोंपकर घायल कर दिया।

घायलों को मयिलादुथुराई के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां हरीश और शक्ति ने दम तोड़ दिया। सूचना पर मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी थंगादुरई, राजकुमार और मूवेंधन को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दिनेश और मूवेंधन के बीच पुरानी रंजिश थी। इसके चलते ही आरोपियों ने दिनेश और उसके दोस्तों पर हमला किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *