
कोरबा । कोरबा जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां नहर में मछली पकड़ रहे बच्चों को एक तैरती हुई प्लास्टिक की थैली मिली। थैली में युवती का कटा हुआ सिर और हाथ के कुछ हिस्से मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल पर फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम पहुंच गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूबीएस चौहान ने बताया कि पुलिस की टीम जांच कार्रवाई में जुट गई है और युवती की पहचान के लिए लोगों से अपील की जा रही है।

इस मामले में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे थैली में मौजूद सामान जैसे चावल और अन्य सामानों के आधार पर पहचान करने में मदद करें और पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने बताया कि सोमवार को सीएसईबी चौकी पुलिस के हसदेव नदी में बाई तट नहर के पास बच्चे मछली पकड़ रहे थे। इस दौरान बच्चों को नहर में बहती हुई एक प्लास्टिक की थैली मिली। जब उन्होंने थैली को खोला तो उसमें से बदबू आने लगी, जिससे अनहोनी की आशंका जताई गई और पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
सूचना पर सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और थैली खोलने पर होश उड़ गए। थैली के अंदर युवती का कटा हुआ सिर और हाथ के कुछ हिस्से, लाल रंग का तौलिया और कपड़े मिले। हत्या कर इन हिस्सों को फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल पर फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम पहुंच गई है और जांच कर रही है।