अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से आरएएफ के सहायक सब इंस्पेक्टर (ASI) की मौत, पूरे सम्मान के साथ शव को बिहार के लिए रवाना किया गया

अलीगढ़ । अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से आरएएफ के सहायक सब इंस्पेक्टर (ASI) बिंदा राय की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब वह छुट्टी पर अपने घर बिहार जा रहे थे। अलीगढ़ की 104 बटालियन में तैनात बिंदा राय मूल रूप से बिहार के पटना जिले के सैनिक कालोनी दानापुर रोड के रहने वाले थे।

रविवार रात को अलीगढ़ स्टेशन पहुंचने के बाद वह एसी कोच में चढ़ गए थे, लेकिन मोबाइल पर बात करने के लिए नीचे उतर गए। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी थी और ट्रेन पर चढ़ने के दौरान उनका पैर फिसल गया था। वह कामाख्या एक्सप्रेस और प्लेटफार्म के बीच घिसटते हुए काफी दूर तक चले गए थे। लोगों ने चेन पुलिंग करके ट्रेन रोकी थी और उन्हें अस्पताल पहुंचाया था।

हादसे के बाद रेलवे के डॉक्टर्स ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जेएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दरोगा की मौत की जानकारी मिलने पर आरएएफ के अधिकारी और बटालियन भी अलीगढ़ पहुंच गए। यहां पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है और शव आरएएफ के सुपुर्द कर दिया है। जिसके बाद पूरे सम्मान के साथ शव को मृतक दरोगा के घर बिहार के लिए रवाना कर दिया गया है।¹

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *