
दुर्ग । दुर्ग जिले के नंदकट्ठी में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना तब हुई जब एक हाइवा चालक ने नशे की हालत में वाहन चलाते हुए युवक को अपनी चपेट में ले लिया।

दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन ग्रामीणों ने हाइवा को घेरकर चक्का जाम कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और शांति बहाल की। हाइवा को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है।
नंदिनी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एक हाइवा CG 07 AY 7710 नंदकट्ठी से जामुल भिलाई की तरफ जा रहा था। नंदकट्ठी के पास बने गौठान के पास से एक व्यक्ति पैदल जा रहा था। हाइवा चालक शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था। इसके बाद भी वो हाइवा को काफी तेज और लापरवाही पूर्वक चला रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाइवा चालक गलत दिशा से आया और युवक को टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक हवा में उछलकर 15 फिट दूर जा गिरा। इससे उसके हाथ पैर टूट गए और सिर में गंभीर चोट आई है। दुर्घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोग युवक को बचाने दौड़े। लोगों को आता देख हाइवा चालक मौके से फरार हो गया।
लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया और नंदिनी पुलिस को सूचना दी। लोगों का कहना है कि वो लोग भी युवक के आगे ही जा रहे थे। वो लोग बाल-बाल बच गए, नहीं तो हाइवा चालक उन्हें भी अपनी चपेट में ले लेता।
दुर्घटना के बाद ट्रक CG 07 AY 7710 बोरी रोड से होते हुए भागने की फिराक में था, लेकिन लोगों ने पत्थर और डंडा लेकर उसे रोक लिया। लोगों को देखकर ड्राइवर वहां से भाग गया। लोगों ने किया चक्का जाम, पुलिस ने दी समझाईश
दुर्घटना के बाद लोगों ने आसपास के गांव के लोगों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद वहां बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। लोग काफी गुस्से में थे। उन्होंने नंदिनी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों ने कहा कि पुलिस ट्रक चालकों पर कार्रवाई नहीं करती हैं। इसके बाद लोगों ने सड़क में चक्का जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें समझाया, जिसके बाद लोग शांत हुए। पुलिस हाइवा को जब्त कर चालक की तलाश कर रही है।