
बुरहानपुर । बुरहानपुर जिले के खकनार थाना क्षेत्र के पाचोरी गांव में पुलिस ने एक अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने फैक्ट्री से आठ पूरी तरह तैयार देसी पिस्टल, छह अर्ध निर्मित पिस्टल, नौ मैग्जीन सहित पिस्टलों के कलपुर्जे और हथियार बनाने में उपयोग होने वाले औजार बरामद किए हैं।
पुलिस ने फैक्ट्री से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पाचोरी गांव के हरविंदर सिंह जुनेजा, खरगोन निवासी प्यार सिंह और एक नाबालिग शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ 25 आर्म्स एक्ट की कई धाराओं के साथ संगठित अपराध की धारा 111 बीएनएस भी लगाई गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह कार्रवाई खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव की अगुआई में की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी हरविंदर सिंह जुनेजा के खिलाफ पहले भी अवैध हथियार तस्करी का मामला दर्ज है। जबकि आरोपी प्यार सिंह के खिलाफ भी कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने के लिए पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया था। इस अभियान में पुलिस ने कई दिनों तक आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।