
धमतरी । धमतरी जिले के ग्राम सिरसिदा में एक युवक की रातभर बेदम पिटाई से मौत हो गई। मृतक के पिता ने गांव के एक दंपती पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि मृतक कार्तिक पटेल को धान चोरी करने वाले का दोस्त कहकर दंपती ने पीटा था।
मृतक कार्तिक पटेल के पिता तुलसी राम पटेल ने कहा कि उन्होंने कुरूद पुलिस को सूचना देने के बाद भी गांव नहीं पहुंची। पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में शव को लाया गया है। इस मामले में कुरूद एसडीओपी रागिनी मिश्रा ने घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
बताया जा रहा है कि सिरसिदा में भीखम साहू के घर से धान की चोरी हुई है। मृतक के पिता ने बताया कि धान चोरी करने वाले का दोस्त कहकर दंपती ने कार्तिक की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।