
डेस्क बोर्ड। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में दो अलग-अलग आतंकी हमलों में कम से कम तीन सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई है। पुलिस ने रविवार को इस बारे में जानकारी दी है।
पहला हमला डुकी जिले में एक कोयला खदान के पास एक जांच चौकी पर हुआ, जिसमें फ्रंटियर कोर के दो सैनिक मारे गए और तीन अन्य जवान घायल हो गए। हमलावरों ने घंटों तक चले हमले के दौरान रॉकेट, ग्रेनेड और भारी हथियारों का इस्तेमाल किया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी सरदार रिंद ने बताया कि हमलावरों ने जांच चौकी पर अचानक हमला किया, जिससे सुरक्षा बलों को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने प्रभावी तरीके से जवाबी कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप कई हमलावर मारे गए और घायल भी हुए। हालांकि आतंकियों की सही संख्या की पुष्टि नहीं हो पाई है।
दूसरा हमला ग्वादर के जिवानी कस्बे में हुआ, जहां आतंकवादियों ने पाकिस्तान तटरक्षक बल के गश्ती दल को दरान इलाके में एक लाइटहाउस के पास इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से निशाना बनाया। इस हमले में एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई।
इसके अलावा, कलात कस्बे में उस समय तनाव फैल गया, जब अज्ञात लोगों ने ऐतिहासिक मिरी किले के पास एक स्मारक में आग लगा दी। अधिकारियों ने बताया कि आगजनी में बलूच संस्कृति का प्रतीक स्मारक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दो प्रतिमाएं नष्ट हो गईं। उन्होंने बताया कि इस घटना की स्थानीय निवासियों ने व्यापक निंदा की और सांस्कृतिक प्रतीक को नष्ट किए जाने पर गुस्सा जताया।
पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।