
पूर्णिया । पूर्णिया के एसपी कार्तिकेय शर्मा ने पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को वीडियो बनाकर धमकाने के मामले में बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी राम बाबू राय ने स्वीकार किया है कि सांसद के कुछ करीबी लोगों ने उसे सुरक्षा मुहैया कराने के लिए वीडियो बनाने और धमकाने को कहा था। इसके लिए सांसद के लोगों द्वारा पैसे भी दिए गए थे और पार्टी में पद का भी लालच दिया गया था।
पूर्णिया एसपी ने बताया कि आरोपी राम बाबू राय पूर्व में सांसद का करीबी रहा है और सांसद की पार्टी का सदस्य भी रहा है। उन्होंने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से उसका कोई संबंध नहीं है और न ही दूर से कोई तार नजर आ रहा है। पूरा मामला सांसद द्वारा सुरक्षा बढ़ाने की साजिश का हिस्सा है।
आरोपी राम बाबू राय ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए पप्पू यादव को धमकी दी थी। 1 दिसंबर की सुबह आरोपी ने 13 सेकेंड का वीडियो उन्हें भेजा था, जिसमें उसने कहा था, ‘हमें पप्पू यादव को 5-6 दिनों में मारने का आदेश मिला है, हम जल्द ही उन्हें मार देंगे, हम पटना पहुंच चुके हैं।’
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव पुलिस के दावे को नकार रहे हैं। उन्होंने कहा है कि पुलिस मानसिक रूप से दिवालिया हो गई है और वह वही व्यवहार कर रही है जो दिवंगत कांग्रेस MLA हेमंत शाही को गोली लगने पर तत्कालीन सरकार और प्रशासन ने किया था।