
कांकेर । छत्तीसगढ़ के कांकेर में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में 5 नक्सली ढेर हो गए। यह मुठभेड़ उत्तर अबूझमाड़ क्षेत्र में हुई। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के कब्जे से INSAS राइफल, SLR राइफल, 12 बोर की 3 राइफलें और BGL (बैरेल ग्रेनेड लॉन्चर) सहित बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं।
इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के 2 जवान घायल हुए हैं, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। दोनों जवानों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर राजधानी रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां जवानों का इलाज जारी है।
यह मुठभेड़ 16 नवंबर 2024 को सुबह 8 बजे उस समय शुरू हुई, जब डीआरजी, एसटीएफ और बीएसएफ की संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली थी। उत्तर अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्चिंग अभियान पर संयुक्त पुलिस पार्टी गई थी।
मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त प्रक्रिया जारी है। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के शवों को बरामद कर लिया है और आगे की जांच जारी है।