
रायपुर । रायपुर के जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे 63 पर एक भयानक सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने से टक्कर हो गई, जिसमें स्कॉर्पियो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को डिमरापाल के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि ट्रक चालक को मामूली चोट आई है।
हादसे की जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो गीदम की तरफ से रायपुर की तरफ जा रही थी, जबकि रायपुर से गीदम की तरफ एक ट्रक आ रहा था। दोनों वाहन रायकोट के पास आमने-सामने से भिड़ गए, जिससे स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में स्कॉर्पियो चालक को गंभीर चोट आई।
इलाके के लोगों ने इसकी खबर फौरन पुलिस को दी, जिसके बाद जवान मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस से डिमरापाल मेडिकल कॉलेज रेफर किया। जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि गाड़ी और चालक दोनों दंतेवाड़ा के हैं। फिलहाल खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था। कोडेनार पुलिस मामले की जांच कर रही है।