
भिलाई । छत्तीसगढ़ के भिलाई में पावर हाउस फ्लाई ओवर ब्रिज के नीचे एक युवक की लाश मिली। युवक को पीलिया की शिकायत के साथ ही मिर्गी के दौरे भी पड़ते थे। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले, मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है।
छावनी थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर ने बताया कि सुबह सुबह उन्हें सूचना मिली कि फ्लाई ओवर ब्रिज के नीचे एक युवक का शव पड़ा है। तुरंत कुछ सिपाही मौके पर भेजे गए। जांच करने पर शव के शरीर में कहीं भी चोट या अन्य निशान नहीं पाए गए हैं।
मृत युवक की पहचान कैंप 2 निवासी हलक राम साहू के रूप में हुई। छावनी पुलिस आशंका जता रही है कि सुबह हलक राम पावर हाउस आया होगा। यहां उसे मिर्गी का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा। परिजनों ने फिलहाल किसी तरह की आशंका नहीं जताई है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है।