
रायपुर । कोंडागांव से रायपुर आ रहे 25 वर्षीय युवक शिराज हुसैन की मोटरसाइकिल ट्रक से दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। दुर्घटना में शिराज के दोनों पांव ट्रक के नीचे आ गए थे। उसके परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण निजी अस्पताल में इलाज नहीं हो पा रहा था।
मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की मदद से शिराज को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली। इस सहायता से शिराज का बेहतर इलाज संभव हो पाया और उसकी जान बच सकी। डॉक्टरों ने उसके दोनों पैर काटने के बाद भी उसकी जान बचा ली।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की मदद से शिराज के परिजनों को मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के बारे में जानकारी मिली और आवेदन करने के बाद इलाज के लिए 10 लाख रुपये की सहायता प्राप्त हुई। शिराज के परिजनों ने दुर्घटना के बाद उसके बचने की आस छोड़ दी थी, लेकिन मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की मदद से वो अब पूरी तरह स्वस्थ है और कुछ दिनों में अपने घर पहुंच जाएगा।