कोरबा में पुलिस की बदमाशी, दो एएसआई निलंबित

कोरबा । कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र में एक उत्पाती युवक की पिटाई करने वाले दो एएसआई को एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया में वायरल हुए वीडियो के बाद की गई है, जिसमें दोनों एएसआई युवक की पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

मामला 11 सितंबर का है, जब गेवरा स्टेडियम में गणेश उत्सव समिति के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। इस कार्यक्रम में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के लिए दीपका थाने में पदस्थ दो एएसआई खगेश राठौर और जितेश सिंह की ड्यूटी लगाई गई थी। लेकिन वे निर्धारित समय में कर्तव्य स्थल पर नहीं पहुंचे।

समिति के आयोजकों ने थाना दीपका को सूचना दी कि एक युवक गलत तरीके से बाइक चलाते हुए कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित कर रहा है। सूचना पर जितेश सिंह एवं खगेश राठौर मौके पर पहुंचे और उन्होंने युवक के बाल खींचकर उसकी जमकर पिटाई की।

इस मामले में एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने दोनों एएसआई को निलंबित करते हुए रक्षित केंद्र में अटैच कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस की बदमाशी और कानून व्यवस्था के उल्लंघन के लिए की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *