
सतेन्द्र बडघरे । कवार्धा। रेंगाखार के लोहरीडीह गांव में पूर्व सरपंच को जिंदा जलाने के मामले में गांव के 30 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। दुर्ग आईजी राम गोपाल गर्ग ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और अभी भी वहां बल तैनात है।
गांव के शिवकुमार साहू की पेड़ पर लाश लटकी पाई गई थी, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश भड़क गया था। उनका शक था कि पूर्व सरपंच रघुनाथ से जमीन विवाद चल रहा था और उसने ही शिव कुमार साहू की हत्या की है। रविवार को शाम उत्तेजित ग्रामीण रघुनाथ के घर गए और उनके घर में आग लगा दी। वहां सिलेंडर फट गया, जिससे रघुनाथ की मौत हो गई। बाद में पुलिस वहां पहुंची और झूमा झटकी के बीच करीब 30 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच चल रही है।