
रायपुर । रायपुर में कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस के बाद राज्य शासन ने बड़ा फैसला लिया है। बस्तर कलेक्टर विजय दयाराम को हटा दिया गया है और उनकी जगह हरीश एस को बस्तर कलेक्टर बनाया गया है।
उच्च पदस्थ आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, बस्तर कलेक्टर के परफॉर्मेंस से सरकार संतुष्ट नहीं थी, जिसके कारण उनका तबादला किया गया है। विजय दयाराम को अब छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास अभिकरण के सीईओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा, सुकमा कलेक्टर रहे हरीश एस को बस्तर कलेक्टर बनाया गया है, जबकि सुकमा कलेक्टर के रूप में देवेश कुमार ध्रुव की पदस्थापना की गई है। देवेश ध्रुव पहले भिलाई नगर निगम कमिश्नर के रूप में कार्य कर रहे थे।
सूत्र बताते हैं कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया दौरे में साल 2026 तक नक्सलवाद खत्म किए जाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस संदर्भ में बस्तर के इलाकों में तेजतर्रार अफसरों की तैनाती की जा रही है।