
दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा में 6 माह के मासूम बच्चे के अपहरण मामले को लेकर आदिवासी समाज ने जिला बंद कराया है। व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखी हैं। एक सितंबर को पोंदूम गांव से मासूम का अपहरण हुआ था, लेकिन अब तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है।
इस घटना को लेकर आदिवासी समाज में आक्रोश है। दंतेवाड़ा पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं। अपहरणकर्ता बच्चे को लेकर मेंडोली कावड़गांव होते हुए बास्तानार जगदलपुर की ओर निकलने की आशंका है। जगदलपुर पुलिस को भी इनफॉर्म कर दिया गया है। संयुक्त रूप से कार्रवाई कर आरोपियों को जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
बच्चे का अपहरण पोंडुम के रहने वाले हिड़मू के घर से हुआ था। हिड़मू ने अपने बच्चे को झूला में लेटाया था। पत्नी घर के अंदर धान कूट रही थी, साथ ही दो और बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान दो बाइक सवार आए और हिड़मू को सौ रुपए देकर बोले- शराब लेकर आओ। हिड़मू ने अपने दोनों बच्चों से कहा, झूला झूलाते रहना अपने छोटे भाई को और शराब लेने चला गया, लेकिन हिड़मू के कुछ दूर निकलते ही बाइक सवार बच्चे को झूले से उठाकर ले भागे।
इस घटना के बाद परिजनों ने घर-घर जाकर पूछताछ की, लेकिन अपहरणकर्ताओं का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों के साथ पुलिस में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।