छत्तीसगढ़ में ऑनर किलिंग: प्रेम प्रसंग से आहत युवती के परिजनों ने बॉयफ्रेंड की हत्या की

गरियाबंद । गरियाबंद जिले के मूड़ाबहार जंगल में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम प्रसंग से आहत युवती के पिता और भाइयों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी और फिर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ पर लटका दिया।

पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। पुलिस की जांच में पता चला कि मृतक युवक 18 जुलाई को घर से निकला था और दो दिन बाद उसके पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने साल्हेभाठ को जांच का केंद्र बिंदु बनाया और आरोपियों के पड़ोसियों से पूछताछ की। प्रत्यक्षदर्शियों ने मृतक युवक को रात को आरोपियों के घर आते देखे जाने की पुष्टि की।

पुलिस ने सबूत के आधार पर तीनों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और फिर फंदा बनाकर महुआ के पेड़ में लटका दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टूटी मोबाइल और घटना में प्रयोग किए गए डंडा और रस्सी जब्त कर लिया है।

मैनपुर एसडीओपी बाजीलाल सिंह ने थाना प्रभारी शिव सिंह हुर्रा के साथ मिलकर बारीकी से जांच शुरू की। पुलिस जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा पाया गया। इस मामले में पुलिस ने युवती के साल्हेभाठ निवासी पिता बालचंद नेताम उम्र 49 वर्ष, बेटा सोनसाय उम्र 21 वर्ष, भतीजा महेश्वर 29 वर्ष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *