
कोलकत्ता। ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें सत्ता की भूख नहीं है और वह इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग उनकी कुर्सी छीनना चाहते हैं।
ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल की जनता इंतजार कर रही थी कि आज इस मुद्दे का समाधान निकल जाएगा, लेकिन डॉक्टरों को ड्यूटी पर वापस नहीं ला सके। उन्होंने कहा कि मैं जनता से हाथ जोड़कर माफी मांगती हूं।
ममता बनर्जी ने बताया कि वह दो घंटे तक बैठक के लिए इंतजार करती रहीं, लेकिन कोई डॉक्टर उनसे मिलने नहीं आया। अब आगे की बैठक मुख्य सचिव और अधिकारियों के साथ ही होगी।
ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें पता है कि ज्यादातर लोग बैठक करना चाहते थे, लेकिन एक-दो लोगों को बाहर से निर्देश आ रहे हैं कि बातचीत मत करो।
ममता बनर्जी ने डॉक्टरों की हड़ताल की वजह से 27 मरीजों की मौत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रिश्ड़ा में विक्रम नाम के एक लड़के की इलाज न मिलने से मौत हो गई। उन्होंने कहा, “उसकी मां ने उसे किडनी दी थी। उसे इलाज चाहिए था, जो नहीं मिला और उसकी मौत हो गई। उनके परिवार को लिए हम एक मोमबत्ती नहीं जलाएंगे। कई लोग बिना इलाज घरों में भी मारे गए हैं।”
ममता बनर्जी ने कहा कि वह मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्हें सत्ता की भूख नहीं है। उन्होंने कहा कि वह इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं अगर यह लोगों के हित में हो।