
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कलेक्टर कॉन्फ़्रेंस में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कलेक्टरों ने योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी है। अच्छा काम करने वाले अफसरों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि गलत काम करने वालों को दंड दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कलेक्टर-एसपी कॉन्फ़्रेंस दो दिनों के लिए आयोजित की गई है। आज पहला दिन था, जिसमें सभी कलेक्टरों के साथ विभागवार बहुत अच्छे से समीक्षा हुई है। कलेक्टरों ने योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का काम किया है, लेकिन हम संतुष्ट नहीं हैं। सभी को आगाह और निवेदन भी किया है कि जरूरतमंद तक योजनाओं को पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक भी व्यक्ति सरकार की योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। हमारी सरकार आगे रोजगार भी देगी। पिछली सरकार में स्कूल जतन योजना चलाया गया था, जिसमें बंदरबाट हुआ है। इस पर हम लोगों ने जांच टीम बैठाई है। यह योजना अच्छे से संचालित होता तो छत टपकने की नौबत नहीं आती। दोषी लोगों को छोड़ा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों से कहा कि स्कूलों की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा। गुणवत्ताहीन निर्माण की जांचकर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर करें। गुणवत्ता से समझौता करने वालों की जेल में जगह होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्ताविहीन कार्य होने पर रिकवरी भी की जाएगी। कलेक्टर अपने जिले में भ्रमण कर स्कूलों का निरीक्षण करें और स्कूल-हॉस्टल की व्यवस्था ठीक करें।