
भिलाई। दशम पिता धन-धन श्री गुरु गोबिंद सिंह साहिब जी के प्रकाश पर्व को समर्पित भव्य नगर कीर्तन के आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा, सेक्टर-6 भिलाई में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर कीर्तन के आयोजन, मार्ग, धार्मिक सेवाओं, स्वागत द्वार, पालकी साहिब, गतका प्रदर्शन, लंगर एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति से आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न सेवाएं एवं जिम्मेदारियां तय की गईं।
बैठक की अध्यक्षता गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा सेक्टर-6 के प्रधान सरदार गुरदेव सिंह एवं छत्तीसगढ़ सिख पंचायत के अध्यक्ष सरदार जसबीर सिंह चहल ने की। बैठक में सिख समाज के प्रतिनिधियों, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के पदाधिकारियों एवं सेवादारों ने हिस्सा लिया।
3 जनवरी को सुबह 11 बजे होगा नगर कीर्तन का शुभारंभ
छत्तीसगढ़ सिख पंचायत के महासचिव गुरुनाम सिंह ने बैठक में जानकारी दी कि सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि श्री गुरु गोबिंद सिंह साहिब जी के प्रकाश पर्व को समर्पित नगर कीर्तन रविवार, 3 जनवरी 2027 को सुबह 11 बजे गुरुद्वारा श्री गुरु अर्जन देव जी, हाउसिंग बोर्ड से प्रारंभ होगा। नगर कीर्तन विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा, सेक्टर-6 भिलाई पहुंचेगा, जहां शाम लगभग 6 से 6:30 बजे समापन होगा।
इन मार्गों से होकर गुजरेगा नगर कीर्तन
नगर कीर्तन का मार्ग भी बैठक में तय किया गया। नगर कीर्तन गुरुद्वारा हाउसिंग बोर्ड से प्रारंभ होकर छावनी चौक, पावर हाउस ब्रिज, सेक्टर-1 मुर्गा चौक, सेक्टर-3 चौक एवं सेक्टर-5 चौक होते हुए गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा सेक्टर-6 भिलाई पहुंचेगा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत एवं धार्मिक सेवाओं की व्यवस्था की जाएगी।
पंच प्यारे साहिबान एवं धार्मिक स्वरूप की सेवा
नगर कीर्तन में पंच प्यारे साहिबान, पंज निशान साहिब, पांच कृपाणधारी एवं चौबदार की व्यवस्था की सेवा सरदार बलदेव सिंह, सरदार हरपाल सिंह एवं सरदार जोगिंदर सिंह जोगी को सौंपी गई। धार्मिक मर्यादा एवं परंपराओं के अनुरूप इन सेवाओं को संपन्न कराने पर चर्चा की गई।
नगर कीर्तन के स्वागत के लिए लगाए जाएंगे स्वागत द्वार
नगर कीर्तन के स्वागत एवं श्रद्धालुओं के अभिनंदन के लिए स्वागत द्वार लगाने की व्यवस्था भी तय की गई। सिख यूथ सेवा समिति भिलाई के अध्यक्ष सरदार इंद्रजीत सिंह छोटू द्वारा पांच स्वागत द्वार लगाने की सेवा ली गई। इसके अलावा गुरुद्वारा हाउसिंग बोर्ड की ओर से तीन स्वागत द्वार लगाए जाएंगे। सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों द्वारा भी एक-एक स्वागत द्वार लगाने की सेवा की जाएगी। इस संबंध में संबंधित कमेटियों को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा सेक्टर-6 की प्रबंधक कमेटी से संपर्क करने कहा गया है।
पालकी साहिब पर होगा शब्द कीर्तन
नगर कीर्तन के दौरान पालकी साहिब पर शब्द कीर्तन करने वाले गुरुद्वारों के जत्थों की व्यवस्था एवं उनके नाम तय करने की जिम्मेदारी श्री गुरु सिंघ सभा, गुरु नानक नगर के स्टेज सचिव सरदार गुरमेज सिंह सोखी को सौंपी गई। नगर कीर्तन के दौरान विभिन्न जत्थों द्वारा गुरबाणी एवं शब्द कीर्तन की सेवा की जाएगी।
गतका प्रदर्शन एवं फूलों से सुसज्जित गाड़ी
नगर कीर्तन में पारंपरिक गतका प्रदर्शन की सेवा भाई अमनदीप सिंह एवं उनके साथियों द्वारा की जाएगी। इसके साथ ही फूलों से सुसज्जित गाड़ी की सेवा के लिए इच्छुक सेवादारों से अपने नाम दर्ज कराने का आग्रह किया गया है।
बैंड पार्टी, स्कूली बच्चों एवं गुरु साहिब की तस्वीर वाली गाड़ी की व्यवस्था
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा सेक्टर-6 भिलाई की ओर से नगर कीर्तन में बैंड पार्टी, स्कूली बच्चों की सहभागिता, श्री गुरु गोबिंद सिंह साहिब जी की तस्वीर वाली गाड़ी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की सेवा की जाएगी। आयोजन को धार्मिक उत्साह एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर समन्वय किया जाएगा।
शिक्षा का लंगर एवं एंबुलेंस की रहेगी व्यवस्था
बैठक में सिख यूथ सेवा समिति के कोषाध्यक्ष मलकीत सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन के दौरान शिक्षा का लंगर लगाया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था भी रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सहायता उपलब्ध हो सके।
आयोजन से एक सप्ताह पूर्व होगी अगली बैठक
नगर कीर्तन की तैयारियों का जायजा लेने एवं शेष व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों की अगली बैठक नगर कीर्तन से एक सप्ताह पूर्व आयोजित की जाएगी। इसमें आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं, सेवाओं एवं समन्वय की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में ये सदस्य रहे उपस्थित
बैठक में छत्तीसगढ़ सिख पंचायत से बलदेव सिंह, तजिंदर सिंह, जसबीर सिंह सैनी, बलजींदर सिंह कलेर, बीबी कुलवंत कौर, हरपाल सिंह कमल सहित सिख सेवा समिति के जसवंत सिंह सैनी, कोषाध्यक्ष मलकीत सिंह, हरनेक सिंह, गुरमेज सिंह सोखी, सुखदेव सिंह लाडी, सतवंत सिंह रंधावा, सुच्चा सिंह सैनी, इंद्रजीत सिंह सैनी, बलकार सिंह, अनूप सिंह, हरपाल सिंह हैप्पी, अजीत सिंह काले, सुखबीर सिंह ब्रोका, कुलवंत सिंह, त्रिलोचन सिंह सिद्धू, सुरजीत सिंह, बलविंदर सिंह, सुच्चा सिंह, स्वर्ण सिंह कोक, रौनक सिंह, अमरजीत सिंह, निर्मल सिंह रंधावा, जसबीर सिंह वेगल, कुलदीप सिंह, गुलजार सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में सभी सदस्यों ने नगर कीर्तन को धार्मिक श्रद्धा, आपसी सहयोग एवं सेवा भावना के साथ भव्य रूप से आयोजित करने के लिए अपनी सहभागिता एवं सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।