कबीरधाम: प्रभारी सचिव डॉ. भारतीदासन ने 8 धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण, किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश

कवर्धा। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लेने कबीरधाम जिले के प्रभारी सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने कलेक्टर तुलिका प्रजापति के साथ जिले के 8 धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी, तौल, धान की गुणवत्ता, बारदाना और भंडारण व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

प्रभारी सचिव ने पनेका, कोसमंदा, धरमपुरा, बिरकोना, सोनपुरी रानी, धमकी, बम्हनी और रेंगाखार खुर्द धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से सीधे बातचीत कर टोकन वितरण, धान विक्रय और भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही छोटे किसानों को टोकन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डॉ. भारतीदासन ने आद्रतामापी मशीन से धान की नमी और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से वजन की सटीकता जांची। उन्होंने धान की गुणवत्ता का परीक्षण करने, पर्याप्त बारदाना उपलब्ध रखने और खरीदी के दिन ही धान की व्यवस्थित स्टेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा केंद्रों में पेयजल, छाया, बैठने, प्रकाश, ड्रेनेज और सीसीटीवी जैसी सुविधाओं का भी जायजा लिया।

रकबा और पंजीयन की त्रुटियों को प्राथमिकता से सुधारने के निर्देश

प्रभारी सचिव ने किसानों के रकबा और पंजीयन संबंधी समस्याओं की समीक्षा करते हुए कहा कि एग्रीस्टेक में पंजीकृत किसानों का रकबा शून्य या पिछले वर्ष की तुलना में कम प्रदर्शित होने जैसी त्रुटियों को समिति स्तर पर सर्वोच्च प्राथमिकता से सुधारा जाए। पंजीयन में गलत फसल प्रदर्शित होने सहित अन्य समस्याओं का भी तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने टोकन सॉफ्टवेयर, किसानों के पंजीयन, अनुमानित खरीदी और भुगतान की जानकारी लेते हुए रजिस्टरों का नियमित संधारण तथा कंप्यूटर ऑपरेटरों और समिति प्रबंधकों को आवश्यक प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन, डीएमओ किशोर चंद्रा, सीसीबी नोडल आर.पी. मिश्रा, सहकारिता उपायुक्त आकाश पात्रे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *