

कवर्धा। कबीरधाम जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज करने वाली बुलेट चलाने और शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले दो चालकों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने दोनों वाहन चालकों पर कुल 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।
पहला मामला: बुलेट चालक पर ₹15 हजार जुर्माना
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को गौरा-गौरी विसर्जन के दौरान राधाकृष्ण मंदिर के सामने पेट्रोलिंग के दौरान बुलेट क्रमांक CG 08 AC 8734 को तेज आवाज और गति से चलाते हुए पकड़ा गया। जांच में चालक भूपेन्द्र उर्फ नानू यादव (23 वर्ष), निवासी बरपेलाटोला, कवर्धा शराब के नशे में पाया गया। मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर भी लगा हुआ था। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 एवं 182(4) के तहत कार्रवाई की। न्यायालय ने चालक पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
दूसरा मामला: जीटो चालक पर ₹10 हजार जुर्माना
13 नवंबर 2026 को घोटिया रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान पिन्टू ठाकुर (32 वर्ष), निवासी घोटिया रोड, शेखानी, कवर्धा को वाहन क्रमांक CG 09 JD 5499 (जीटो) चलाते हुए जांच के लिए रोका गया। ब्रीथ एनालाइजर से जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने पर पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की। न्यायालय ने चालक पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
कबीरधाम पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब सेवन कर वाहन न चलाएं और वाहनों में अनधिकृत मॉडिफिकेशन कर तेज आवाज वाले साइलेंसर का उपयोग न करें। पुलिस के अनुसार, यातायात नियमों का पालन स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।