
कबीरधाम। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पिपरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा बिक्री के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 356 ग्राम गांजा और बिक्री की नकदी सहित कुल 18,050 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम इंदौरी में रामभजन चंद्रवंशी अपने घर के सामने गांजा बेच रहा है। सूचना पर पिपरिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामभजन चंद्रवंशी (40 वर्ष), पिता स्व. नारायण चंद्रवंशी, निवासी ग्राम इंदौरी, थाना पिपरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 356 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 17,800 रुपये है, तथा बिक्री की 250 रुपये नकद राशि जब्त की। इस प्रकार कुल 18,050 रुपये की मशरूका बरामद की गई।
मामले में थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 399/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(ए) में अपराध दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक आशीष शुक्ला के दिशा-निर्देश पर की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन तिवारी एवं पिपरिया पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।