बीजापुर में CRPF की बड़ी कार्रवाई, 14 नक्सली डंप से हथियार और विस्फोटक बरामद

पीडिया-कुप्पागुड़ा के जंगलों में सघन तलाशी अभियान, 99 प्रकार की घातक सामग्री जब्त; अभियान में नहीं हुई कोई जनहानि

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है। विश्वसनीय सूचना के आधार पर जवानों ने पीडिया एवं कुप्पागुड़ा क्षेत्र के एड्री, हर्रा, नयापारा और सरपंचपारा के घने जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया।

कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की देखरेख में बी/199 एवं एफ/199 कंपनी तथा यंग प्लाटून के जवानों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए 14 नक्सली डंप बरामद किए गए।

बरामद सामग्री में एक 303 बोल्ट एक्शन रायफल, पांच भरमार रायफल और एक देशी 12 बोर रायफल शामिल हैं। इसके अलावा 10 आईईडी, 8 डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, वायरलेस सेट, प्लास्टिक एवं स्टील कंटेनर समेत आईईडी निर्माण में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न इलेक्ट्रिक सामग्री और नक्सली कपड़े भी बरामद किए गए। सुरक्षा बलों ने कुल 99 प्रकार की घातक सामग्री जब्त की है।

सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर बेहद सतर्कता के साथ चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सीआरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार चलाए जा रहे अभियानों से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

पेगड़ापल्ली में भी नक्सली डंप बरामद

इससे पहले बीजापुर जिले के पेगड़ापल्ली के जंगल में भी पुलिस ने नक्सली डंप बरामद किया था। 29 अगस्त को ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति बोगम लखमू (39) को घेराबंदी कर पकड़ा था।

पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर डीएकेएमएस सदस्य के रूप में काम करने तथा नक्सलियों की सामग्री और विस्फोटक छिपाने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 50,050 रुपये नकद, एक बीजीएल लांचर, 18 बीजीएल सेल, 12 तीर बम, एक हैंड ग्रेनेड, 303 के 15 जिंदा राउंड, 31 बीजीएल कार्ट्रिज, एक इंसास खाली मैगजीन, बिजली वायर, तीन राउंड चार्जर और एक ईमीटर लीड बरामद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *