धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी अभिरक्षा में

भिलाई। खुर्सीपार क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने और दहशत फैलाने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों और घटनास्थल से कुल तीन धारदार हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार क्षेत्र में कुछ युवक धारदार हथियार लेकर सार्वजनिक स्थान पर घूम रहे हैं और खुद को दबंग बताते हुए आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही खुर्सीपार थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान गोविन्द साहू (20) निवासी गणेश मंदिर के पास खुर्सीपार और सुरज कुमार कोठारी (19) निवासी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद नगर, खुर्सीपार के रूप में हुई। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी प्रकरण में संलिप्त पाया गया।
तलाशी और मौके की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल तीन धारदार हथियार बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 382/2026, 383/2026 और 384/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने पर उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
दहशत फैलाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमते हुए राहगीरों को डराने-धमकाने और क्षेत्र में दहशत का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे थे। कार्रवाई में खुर्सीपार थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केंवट सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक कृत्य की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने और लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *