800 जवानों ने सीखा साइबर ठगी से बचाव का तरीका,कबीरधाम पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान


कवर्धा:-सत्येंद्र बड्डघरे :-साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत 25 अगस्त को 17वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, सरेखा के सहयोग से साइबर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अधिकारी, जवानों एवं कर्मचारियों सहित करीब 800 लोग शामिल हुए।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक जिले में संचालित किया जा रहा है।
कार्यशाला में साइबर विशेषज्ञ टीम ने OTP/UPI फ्रॉड, फर्जी बैंक कॉल, KYC अपडेट के नाम पर ठगी, फर्जी लिंक, APK फाइल, सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन नौकरी और निवेश के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के तरीकों की जानकारी दी। प्रतिभागियों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
साइबर विशेषज्ञों ने संदिग्ध लिंक और अनजान APK फाइल पर क्लिक नहीं करने की भी अपील की। साथ ही साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा Cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत करने की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में सेनानी 17वीं वाहिनी कमलेश्वर प्रसाद चंदेल, उप सेनानी प्रमोद गुप्ता, सहायक सेनानी मोनिका सिंह परिहार, सहायक सेनानी बद्रीनाथ मिश्रा एवं सहायक सेनानी शैलेन्द्र कुमार सेन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। ऑनलाइन माध्यम से वाहिनी के सुदूर क्षेत्रों के अधिकारी-कर्मचारी तथा ऑफलाइन माध्यम से मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यशाला से जुड़े।
पुलिस ने जवानों से अपील की कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
कार्यशाला के सफल आयोजन में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर, सहायक उपनिरीक्षक चंद्रकांत तिवारी, आरक्षक मनीष कुमार एवं आरक्षक शिवम मंडावी की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *