
दुर्ग। खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली दुर्ग पुलिस की महिला आरक्षक क्रमांक 464 कविता ठाकुर को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। छत्तीसगढ़ पुलिस में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लागू क्रम से पूर्व पदोन्नति की व्यवस्था के तहत कविता ठाकुर को आरक्षक पद से प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है।
पदोन्नति के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग ने महिला आरक्षक कविता ठाकुर को प्रधान आरक्षक की फीती लगाकर विधिवत पदोन्नत किया। इस दौरान उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए खेल के साथ-साथ विभागीय दायित्वों में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कविता ठाकुर ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुलिस विभाग का प्रतिनिधित्व किया है। उनकी उपलब्धि को देखते हुए खेल के आधार पर क्रम से पूर्व पदोन्नति के लिए गठित समिति द्वारा उन्हें पदोन्नति प्रदान की गई।
दुर्ग पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विभाग में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू है। इससे पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को विभागीय दायित्वों के साथ खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। दुर्ग पुलिस ने अधिकारी-कर्मचारियों से खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता कर अपनी प्रतिभा को विकसित करने की अपील की है।