
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में B.Sc. द्वितीय वर्ष के एंटोमोलॉजी विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले लीक होने की खबर सामने आने से हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीर बताते हुए पूर्व विधायक अरुण वोरा ने विश्वविद्यालय प्रशासन से निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
अरुण वोरा ने कहा कि यदि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक हुआ है, तो यह केवल परीक्षा व्यवस्था की विफलता नहीं, बल्कि मेहनत करने वाले हजारों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि जांच के जरिए यह पता लगाया जाना चाहिए कि प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले बाहर कैसे पहुंचा।
उन्होंने मांग की कि मामले में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति, अधिकारी या जिम्मेदार तंत्र के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, यदि पेपर लीक की पुष्टि होती है तो विद्यार्थियों के हित में परीक्षा को लेकर उचित निर्णय लिया जाए, ताकि किसी भी छात्र के साथ अन्याय न हो।
अरुण वोरा ने कहा कि छात्रों ने पूरे वर्ष मेहनत और ईमानदारी से पढ़ाई की है, इसलिए किसी भी लापरवाही या भ्रष्टाचार की कीमत विद्यार्थियों को नहीं चुकानी चाहिए। उन्होंने सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर सच्चाई सामने लाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।