हेडलाइन: पुरई में अवैध मवेशी परिवहन पर कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने अवैध मवेशी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम पुरई में भैंसों से भरे पिकअप वाहन को पकड़ा है। पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 अपचारी बालकों को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, थाना उतई पुलिस को मवेशियों के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने ग्राम पुरई स्थित नर्सरी के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की। इस दौरान मैक्सिमा पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 PF 6904 में 3 भैंस मवेशी पाए गए।

मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज या अनुमति मौके पर प्रस्तुत नहीं की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके से स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 04 HD 1564 और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LB 1123 भी मिली।

पुलिस ने मौके से कमल गिरी गोस्वामी, जीमू गोस्वामी उर्फ संजू गोस्वामी, कमलेश गिरी गोस्वामी, करन गिरी गोस्वामी, टोमन यादव और जागेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया। वहीं, 2 अपचारी बालकों को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस ने 3 भैंसों के साथ पिकअप, स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल को जब्त किया है। बरामद मवेशियों का पशु चिकित्सा अधिकारी से परीक्षण कराकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई की गई।

मामले में अपराध क्रमांक 428/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 और पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस अब मवेशियों के परिवहन के स्रोत, गंतव्य और इस गतिविधि में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में एक फरार व्यक्ति की तलाश भी जारी है।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मवेशियों के अवैध परिवहन या तस्करी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *