
दुर्ग, 17 अगस्त 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में दुर्ग पुलिस द्वारा “साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़” के संकल्प को मजबूत करने के लिए ट्रेजर आइलैंड मॉल, भिलाई में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 1500 से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का आयोजन एवं समन्वय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) कौशलेन्द्र देव पटेल के नेतृत्व में किया गया। साइबर क्राइम प्रभारी डॉ. संकल्प राय ने साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी। नागरिकों को OTP और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक और कॉल से सावधान रहने की अपील की गई।
यातायात सुरक्षा का संदेश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) कौशलेन्द्र देव पटेल ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की अपील की। नाबालिगों को वाहन नहीं देने और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करने की समझाइश दी गई।
नशा मुक्ति पर जागरूकता
कल्याणी नशा मुक्ति केंद्र से अजय कल्याणी ने नशे के दुष्प्रभावों और इससे बाहर निकलने के प्रयासों की जानकारी दी। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने भविष्य और परिवार को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया गया।
नुक्कड़ नाटक रहा आकर्षण
BSP की टीम इंद्रधनुष समूह एवं ग्रेसी म्यूजिक अकादमी द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। कलाकारों ने साइबर ठगी और नशे के दुष्प्रभावों को मनोरंजक एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में यातायात जोन प्रभारी निरीक्षक GR ओगरे, स्मृतिनगर चौकी प्रभारी अमित अंदानी सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और एक्स-आर्मी एसोसिएशन अध्यक्ष हरप्रीत सिंह उपस्थित रहे।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 पर सूचना दें तथा नशे से संबंधित सहायता के लिए 1933 हेल्पलाइन का उपयोग करें।

