भिलाई बचाओ पदयात्रा का राजभवन घेराव, पुलिस से धक्का-मुक्की

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) और भिलाई टाउनशिप को बचाने की मांग को लेकर कांग्रेस की चार दिवसीय ‘भिलाई बचाओ पदयात्रा’ का समापन बुधवार को राजभवन (लोकभवन) घेराव के साथ हुआ।

भिलाई शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, बीएसपी कर्मचारी, ठेका श्रमिक और हाउस लीज संघर्ष समिति के सदस्य शामिल हुए। पदयात्रा रामगढ़िया भवन, टाटीबंध से शुरू होकर राजभवन की ओर बढ़ी।

रविशंकर विश्वविद्यालय के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर बसों में बैठाया। बाद में प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल को लोकभवन जाकर ज्ञापन सौंपने की अनुमति दी।

कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर भिलाई इस्पात संयंत्र, भिलाई टाउनशिप और भिलाई की बसाहट को बचाने की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि यह आंदोलन भिलाईवासियों के अधिकार और शहर के अस्तित्व की लड़ाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *